नवादा : जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के बजरा गांव के रहने वाले नवलेश प्रसाद अपनी असाधारण स्मरण शक्ति के कारण पूरे इलाके में ‘गूगल मैन’ के नाम से प्रसिद्ध हैं। दावा किया जाता है कि वे बिहार के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी का नाम सुनते ही उनसे जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां तुरंत बता देते हैं। 45 वर्षीय नवलेश प्रसाद, स्वर्गीय जयराम सिंह के पुत्र हैं।
उन्होंने केवल मैट्रिक तक की पढ़ाई की है, लेकिन उनकी याददाश्त इतनी तेज है कि लोग उन्हें चलता-फिरता ज्ञानकोष मानते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि बिहार के किसी भी जिले के डीएम, एसपी, डीआईजी या आईजी का नाम लिया जाए, तो वे बिना किसी नोट या डायरी की मदद के उनका बैच, वर्तमान पदस्थापन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां तुरंत बता देते हैं।
सबसे खास बात यह है कि नवलेश प्रसाद किसी भी प्रकार की डायरी या नोटबुक का इस्तेमाल नहीं करते। इसके बावजूद वे बड़ी संख्या में अधिकारियों और महत्वपूर्ण व्यक्तियों से जुड़ी जानकारी अपने दिमाग में सुरक्षित रखते हैं। यही वजह है कि इलाके के लोग उन्हें प्यार से ‘गूगल मैन’ कहते हैं। नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि उन्होंने भी नवलेश प्रसाद की स्मरण शक्ति को परखने के लिए कई अधिकारियों और व्यक्तियों के बारे में सवाल पूछे। नवलेश ने बिना किसी देर किए सभी जानकारियां सही-सही बता दीं, जिसे देखकर वे भी हैरान रह गए।
अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति के बारे में नवलेश प्रसाद का कहना है कि यदि वे किसी जानकारी को एक बार ध्यान से पढ़ या सुन लेते हैं, तो वह हमेशा के लिए उनके दिमाग में बस जाती है। उनका मानना है कि ईश्वर ने हर व्यक्ति को अलग-अलग प्रतिभा दी है और उन्हें जानकारी याद रखने में विशेष रुचि है। इसी कारण वे लगातार नई-नई जानकारियां सीखते और याद रखते रहते हैं।
भईया जी की रिपोर्ट