बिहार में अब आप 18 जुलाई से हेलीकॉप्टर में प्रमुख पर्यटक स्थलों राजगीर, कैमूर और वाल्मीकि नगर की सैर कर सकेंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना 2026’ शुरू की है। इस योजना के तहत आज सोमवार से टिकटों की बुकिंग शुरू हो रही है। बताया गया कि पटना से राजगीर का किराया ₹4,000, वाल्मीकि नगर का ₹5,000 और कैमूर का ₹6,000 प्रति सीट एक तरफ का तय किया गया है। आप पर्यटन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल www.tourism.bihar.gov.in पर अपने टिकट की बुकिंग करवा सकते हैं। यह योजना पर्यटन विभाग और सिविल विमानन विभाग के संयुक्त प्रयास से संचालित होगी। राज्य सरकार का मानना है कि बेहतर हवाई संपर्क मिलने से बिहार का धार्मिक और विरासत पर्यटन राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान बना सकेगा। जहां तक टिकटों के दर की बात है तो बताया गया कि इसमें सरकार प्रति टिकट अधिकतम 15422 रुपए तक का अनुदान दे रही है।
जानकारी के अनुसार राज्य में पहली बार संगठित रूप से हेली टूरिज्म सेवा 18 जुलाई से शुरू हो रही है। इसमें अब पर्यटक हेलीकॉप्टर के जरिए राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की यात्रा कर सकेंगे। इसकी ऑनलाइन टिकट बुकिंग आज से ही शुरू हो गई है। सरकार प्रत्येक टिकट पर अधिकतम 15,422 रुपये तक का अनुदान भी दे रही है। इससे आम पर्यटकों के लिए हवाई यात्रा अपेक्षाकृत सस्ती हो जाएगी। बिहार पर्यटन विभाग और सिविल विमानन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में इस खास हवाई सेवा का संचालन किया जा रहा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य बिहार में उच्च स्तरीय धार्मिक, ऐतिहासिक और विरासत पर्यटन को बढ़ावा देना है। इसके जरिए न सिर्फ घरेलू बल्कि विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी भारी वृद्धि की उम्मीद जताई गई है।
इसके साथ ही वाल्मीकिनगर, कैमूर और राजगीर जैसे प्रमुख क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पर्यटन राजस्व में भी बढ़ोतरी दर्ज होगी। जानकारी के अनुसार योजना के पहले चरण में तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ा गया है। इनमें पश्चिम चंपारण का वाल्मीकिनगर, कैमूर जिले का विश्व प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी मंदिर क्षेत्र और नालंदा का राजगीर शामिल हैं। इन तीनों स्थानों का चयन इसलिए किया गया है क्योंकि यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने के बाद कुछ ही समय में अब इन स्थलों तक पहुंचना संभव होगा। यह हेलीकॉप्टर सेवा सप्ताह के केवल दो दिन यानी प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित की जाएगी। पटना से वाल्मीकिनगर के बीच चलने वाली हवाई सेवा दिन में दो बार उपलब्ध होगी। पटना से प्रस्थान का समय सुबह 10:00 बजे और दोपहर बाद 3:00 बजे निर्धारित किया गया है, जबकि वाल्मीकिनगर से वापसी की उड़ान सुबह 11:00 बजे और शाम 4:30 बजे होगी। इस विशेष मार्ग पर प्रति सप्ताह कुल 20-20 सीटों की क्षमता तय की गई है। इसी तर्ज पर पटना-राजगीर-पटना और पटना-कैमूर-पटना सेवा भी हर वीकेंड पर पर्यटकों के लिए उड़ान भरेगी।