पटना में सेक्स रैकेट का विरोध करने के कारण करबिगहिया निवासी बंटी की अगवा कर हत्या कर देने का मामला सियासी बवंडर का रूप धरने लगा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले को लेकर कानून व्यवस्था के मुद्दे पर राज्य की सम्राट चौधरी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूरोप टूर पर गए तेजस्वी यादव ने वहीं से मृतक बंटी की पत्नी से फोन पर बात कर उन्हें सांत्वना दी और अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट साझा करते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार अपराधियों को खुला संरक्षण दे रही है। तेजस्वी ने इस पोस्ट के साथ ही एक वीडियो भी शेयर किया है जिसमें वे बंटी की बिलखती पत्नी से वीडियो काल पर बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं।
तेजस्वी ने अपने पोस्ट में लिखा कि—’करबिगहिया में सत्ता और पुलिस के संरक्षण में संचालित सेक्स रैकेट का विरोध करने पर 25 वर्षीय किराना दुकानदार बंटी कुमार का 6 जुलाई को पटना जंक्शन के पास से अपहरण किया गया। CCTV फुटेज में सब साफ साफ दिख रहा है लेकिन अपराधियों को दिशा-निर्देश देने वाली पुलिस ने उसे ढूंढने की बजाय परिजनों को ही डांटा। कल राजद के शिष्टमंडल ने अपहृत कारोबारी की पत्नी से मुलाकात की और टेलीफोन पर वार्ता कराई। कल हमारे दबाव पड़ने पर पुलिस ने पटना ग्रामीण के अथमलगोला थाना क्षेत्र से उनका क्षत-विक्षत शव लाकर परिजनों को सूचना दी। स्पष्ट है कि पुलिस सब कुछ जान-पहचान रही थी’। इस पोस्ट में तेजस्वी ने स्पष्ट आरोप लगाया कि सेक्स रैकेट का विरोध करने वाले युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की और अपराधियों को संरक्षण मिला जिसके चलते उन्होंने बेखौफ होकर हत्याकांड को अंजाम दिया।
तेजस्वी ने इस मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से जवाब मांगा जिसपर सरकार की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इधर पुलिस के अनुसार बंटी कुमार का 6 जुलाई को पटना जंक्शन के पास स्थित दूध मंडी इलाके से अपहरण हुआ था। जांच में यह सामने आया कि अगवा करने के बाद बदमाश उन्हें पटना बाइपास के रास्ते मोकामा की ओर ले गए थे। बाद में उनकी हत्या कर शव को अथमलगोला थाना क्षेत्र के फुलैलपुर गांव के पास जमीन में दफना दिया गया। मामले की जांच के दौरान जक्कनपुर, कोतवाली और अथमलगोला थाना पुलिस लगातार बंटी की तलाश में जुटी रही। लेकिन समय रहते उनका पता नहीं चल सका और बाद में बंटी का शव बरामद होने के बाद उसकी हत्या की पुष्टि हुई।