पटना : सद्गुरु कबीर मिशन ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष तथा कबीरपंथी मठ, मीठापुर के महंत ब्रजेश मुनि ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर कच्ची दरगाह–विदुपुर सिक्स लेन का नाम “श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज सिक्स लेन” रखने की मांग की। इस अवसर पर हिंदू जागरण मंच के विनोद कुमार यादव, तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब से महेंद्रपाल सिंह ढिल्लन तथा संजीव कुमार भी उपस्थित थे।
महंत ब्रजेश मुनि ने सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के गौरव, राष्ट्ररक्षक, अद्वितीय योद्धा, महान संत और प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अन्याय, अत्याचार और अधर्म के विरुद्ध संघर्ष करते हुए राष्ट्र तथा सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी की जन्मस्थली तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब बिहार की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरोहर है। उनके जीवन और चारों साहिबजादों की स्मृतियों से जुड़े अनेक ऐतिहासिक स्थल इस क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध करते हैं। ऐसे में कच्ची दरगाह–विदुपुर सिक्स लेन का नाम उनके नाम पर रखा जाना राज्य की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत को नई पहचान देगा।
साथ ही इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत होगी और आने वाली पीढ़ियां गुरु गोविंद सिंह जी के त्याग, बलिदान, साहस, राष्ट्रभक्ति एवं मानवता के संदेश से प्रेरणा प्राप्त करेंगी। महंत ब्रजेश मुनि ने बताया कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनकी मांग को सकारात्मक रूप से सुना और इस पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस आश्वासन से उनके समर्थकों एवं श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट