नवादा : जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के हिसुआ-राजगीर मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा नारदीगंज के समीप हुआ। हिसुआ की तरफ से राजगीर जा रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्रियांशु राज, पिता वाल्मीकि प्रसाद, निवासी बलवा, थाना नारदीगंज के रूप में हुई है। प्रियांशु की उम्र करीब 22-23 वर्ष बताई जा रही है।
वहीं दूसरे घायल युवक की पहचान बबलू कुमार के रूप में हुई है। उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही नारदीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण होना प्रतीत हो रहा है।
मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। घायल बबलू कुमार के बयान के बाद ही हादसे क सही कारणों का पता चल पाएगा। घटना की खबर मिलते ही मृतक प्रियांशु के घर में कोहराम मच गया। परिजन शव लेने सदर अस्पताल पहुंचे हैं। पूरे गांव में शोक की लहर है। हिसुआ-राजगीर मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार के कारण हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
भईया जी की रिपोर्ट