नवादा : जिले के सीतामढ़ी थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी नकुल कुमार से हुई लूटकांड का पुलिस ने महज आठ घंटे में सफल उद्भेदन कर लिया। इस मामले में चार विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है।पुलिस ने उनके पास से लूटे गए सोने के आभूषण, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई की रात देवरा बेल्दारी गांव के समीप तिलैया नदी पुल से पहले छह बदमाशों ने व्यवसायी को घेरकर मारपीट की और करीब दो लाख रुपये नकद, लगभग 20 ग्राम सोने के आभूषण, मोबाइल फोन तथा दुकान की चाबी लूटकर फरार हो गए थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रजौली एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान कई आभूषण, मोबाइल, बाइक समेत अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी और लूटी गई नकदी की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
भईया जी की रिपोर्ट