नवादा : नगर स्थित पोस्टमार्टम रोड मुहल्ले में सड़क के घटिया निर्माण को लेकर सदर विधायक विभा देवी जब एक्शन मोड पर आई तो अंततः घटिया निर्माण को बुलडोजर से तोड़ देना पड़ा। इंदिरा चौक से पुराने पोस्टमार्टम रोड की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ था कि पहली बारिश ने इसके गुणवत्ता की सारी पोल खोल दी।
इस संबंध में कुछ जागरूक लोगों ने सदर विधायक विभा देवी से शिकायत की जिसका संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और संवेदक की क्लास लगाई तथा सड़क तोड़कर पुनः गुणवत्ता पूर्ण तरीके से निर्माण करने की चेतावनी दी।विधायक ने सामाजिक कार्यकर्ता अरुण सिन्हा एवं अन्य जागरूक लोगों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपनी निगरानी में घटिया निर्माण तोड़ कर मलवे को हटवाया जाय और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पुनः निर्माण कराया जाय।
अधिकृत संवेदक ने भी निर्माण की खराब क्वालिटी को महसूस करते हुए बुलडोजर चलवाकर मलवा हटा दिया। खास कर जहां जहां सड़क क्षतिग्रस्त हुई है वहां वहां फिर से गुणवत्तापूर्ण निर्माण की कवायद शुरू हो गई है । विधायक के इस पहल की सराहना करते हुए स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
भईया जी की रिपोर्ट