नवादा : जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के कौआकोल कोनिया पर मोहल्ला में सोमवार-मंगलवार की रात 21 वर्षीय नवविवाहिता का शव बंद कमरे से बरामद हुआ। आशंका जताया जा रहा है कि मामूली विवाद में विवाहिता ने दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान कोनिया पर मोहल्ला निवासी अर्जुन राम एवं सेवानिवृत्त शिक्षिका बच्ची कुमारी के छोटे पुत्र अशुतोष कुमार उर्फ कुंदन कुमार की पत्नी सोनी कुमारी (21 वर्ष) के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि सोनी कुमारी का मायका शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र के कुठौत (प्यारेपुर) गांव में है। वह गौतम राम की पुत्री थीं। उनकी शादी 25 मई 2025 को कुंदन कुमार के साथ हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही कौआकोल पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद अग्रेत्तर कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट