नवादा : खनन विभाग व रजौली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध रूप से बिना चालान झारखंड राज्य से बिहार सीमा पार कर रहे चार वाहनों को छापेमारी में जब्त कर लिया। घटना देर रात एनएच-20 पटना-रांची मुख्य सड़क रजौली थाना क्षेत्र के रामदासी के समीप की है। बताया जाता है कि खनन विभाग को सीमा पार झारखंड के कोडरमा की ओर से पत्थर लदे वाहनों के बिना चालान सीमा में प्रवेश करने की सूचना मिली थी। जिसके बाद जिला खनन पदाधिकारी प्रत्यय अमन के निर्देश पर खान निरीक्षक आजाद पासवान व संतोष प्रकाश झा के नेतृत्व में रजौली एसएचओ रंजीत कुमार के साथ टीम का गठन कर छापेमारी की गयी।
वाहनों की जब्ती
वाहनों को पकड़ने के दौरान सभी वाहनों के चालक भाग निकले। सभी वाहनों को जब्त कर अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित रजौली के चितरकोली चेकपोस्ट पर लगाया गया। जांच में सभी वाहनों पर पत्थर से संबंधित चालान व इंटर स्टेट ट्रांजिट पास (आईएसटीपी) आदि दस्तावेज नहीं पाये गये। इस मामले में रजौली थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी। प्राथमिकी में सभी वाहनों के चालक व मालिकों को आरोपित किया गया है। इन पर बिना वैध चालान के पत्थर का खनन, परिवहन व भंडारण के आरोप हैं।
इन वाहनों को जब्त किया गया
जब्त किये गये वाहनों में पत्थर लदे तीन ट्रक व एक हाइवा शामिल हैं। इनमें 12 चक्का ट्रक संख्या-जेएच 12 एफ 5928, 14 चक्का ट्रक संख्या-जेएच 02 बीपी 8539, 12 चक्का ट्रक संख्या-जेएच 12 एफ 5160 तथा 12 चक्का हाइवा संख्या-जेएच 12 एम 0948 शामिल हैं। धर्मकांटा पर वजन कराने पर इनका वजन खनिज समेत क्रमश: 36080 केजी, 40150 केजी, 34710 केजी व 37230 केजी पाया गया।
44 लाख लगाया गया जुर्माना इन वाहनों पर बिना चालान पत्थर का अवैध रूप से खनन करने, परिवहन करने व भंडारण करने के आरोप में जुर्माना भी लगाया गया है। खान निरीक्षक द्वारा दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में अवैध खनन से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने के मामले में सभी वाहनों पर करीब 44 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। सभी वाहनों के चालकों व मालिकों से उक्त जुर्माने की राशि वसूलनीय बतायी गयी है।
भईया जी की रिपोर्ट