नगर थाना क्षेत्र : नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत घनी आबादी वाले मंगर बीघा इलाके के निकट बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक घर में भीषण आग लग गई। यह घर स्थानीय निवासी नीरज साव का है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, हालांकि, सूचना के बाद घटना स्थल पर पहुंची अग्निशमन (फायर ब्रिगेड) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ा हादसा होने से बचा लिया। दमकल कर्मियों की करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग पड़ोस के घरों में फैल जाती, तो इस घनी बस्ती में भारी तबाही मच सकती थी।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान बिजली के बोर्ड में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और उससे निकली चिंगारी सीधे बिस्तर पर जा गिरी। कपड़ा होने के कारण आग तेजी से भड़क उठी। आग की लपटें देख पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई, जिसके बाद अग्निशमन की टीम बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची और सूझबूझ दिखाते हुए घर में फंसे पूरे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
हालांकि, इस भीषण अगलगी में घर के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। पलंग, कीमती फर्नीचर, बिस्तर, कपड़े और अन्य घरेलू सामग्रियां पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। इस अचानक हुए हादसे से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की। वहीं, मौके पर मौजूद अग्निशमन अधिकारी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि घरों में कभी भी सस्ते और लोकल इलेक्ट्रिकल सामान या तारों का इस्तेमाल न करें। हमेशा अच्छी क्वालिटी के वायरिंग, स्विच बोर्ड और MCB का ही उपयोग करें।
अमन की रिपोर्ट