चुनाव आयोग ने पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव 30 जुलाई को कराए जाएंगे। आयोग की तरफ से जानकारी दी गई है कि 6 जुलाई को इस उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के बाद नितिन नवीन को पार्टी राज्यसभा ले गई थी। इसी कारण नितिन नवीन ने इस सीट से विधायकी छोड़ी और अब इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। 30 जुलाई को मतदान होगा और तीन अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम जारी किया जाएगा।
उपचुनाव की तारीख का ऐलान होने के साथ ही आज ही से बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र में आचार संहिता लागू हो चुकी है। छह जुलाई को इसके लिए गजट नोटिफिकेशन जारी होगा। इसके बाद नामांकन शुरू हो जाएगा और 13 जुलाई तक नॉमिनेशन किया जा सकेगा। 16 जुलाई तक नाम वापसी की तारीख है। चूंकि यह भारतीय जनता पार्टी की परंपरागत सीट रही है और बिहार विधानसभा चुनाव में भाग्य आजमाने से दूर रहे प्रशांत किशोर ने इस सीट पर उप चुनाव में उतरने की तैयारी दिखाई है, इसलिए 13 जुलाई तक यहां कशमकश रहेगा। अगर प्रशांत किशोर चुनाव में उतरते हैं तो पूरे देश का ध्यान इस सीट पर इसलिए आ जाएगा, क्योंकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की प्रतिष्ठा दांव पर रहेगी।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में यह सीट भाजपा के पास रही है और उसने अभी प्रत्याशी तय नहीं किया है, इसलिए पार्टी के अंदर प्रयासरत नेताओं के बीच अब अंतिम दौर का प्रयास चलेगा कि टिकट उन्हें मिले। इधर आयोग सूत्रों के अनुसार इस उपचुनाव के लिए मतदाता सूची का प्रकाशन फिर से नहीं किया जाएगा। बताया गया कि मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद 30 सितंबर 2025 को प्रकाशित मतदाता सूची के आधार पर ही 182 बांकीपुर सीट पर उपचुनाव के दौरान मतदान होगा।