अरवल – जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु सतत अनुश्रवण एवं निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में यह सूचित किया गया है कि अरवल जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता पूर्णतः सामान्य है 29 जून, 2026 की स्थिति के अनुसार जिले में कुल 2712 एलपीजी गैस सिलिंडर उपलब्ध हैं। साथ ही आम लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। जिले के सभी 14 गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में गैस सिलिंडर उपलब्ध हैं। आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जो 24×7 संचालित है।
उपभोक्ता निम्नलिखित दूरभाष संख्याओं पर संपर्क कर अपनी शिकायत/सुझाव दर्ज करा सकते हैं- 06337-228994, 06337-229494, 8235230817 जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि एलपीजी गैस की बुकिंग प्राप्त होने के उपरांत गैस एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से उनके घर तक गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों पर जाने की आवश्यकता नहीं है और वे घर बैठे ही बुकिंग कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, बुकिंग के लिए निर्धारित समय-सीमा निम्नवत है- शहरी क्षेत्र में 25 दिनों के उपरांत पुनः बुकिंग, ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिनों के उपरांत पुनः बुकिंग एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन, अरवल द्वारा सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता न करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों के समक्ष भीड़ न लगाएं, नियमानुसार बुकिंग करें एवं होम डिलीवरी सुविधा का लाभ उठाएं।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट