नवादा : सरकार की डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के तहत जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों तक समय पर खाद्यान्न पहुंचाने के दावे रजौली प्रखंड में धरातल पर फेल होता नजर आ रहा है। जून माह समाप्त होने के बावजूद नए संवेदक की लचर व्यवस्था के कारण प्रखंड के करीब 90 राशन दुकानदारों को जुलाई माह के वितरण के लिए अब तक खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया जा सका है। ऐसे में पीडीएस दुकानदारों में विभाग और संवेदक के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है।
गोदाम पर लटका ताला, डीलरों की बढ़ी चिंता
जमीनी पड़ताल में एफसीआई गोदाम बंद मिला। दुकानदारों का कहना है कि नए संवेदक के पास खाद्यान्न ढुलाई के लिए पर्याप्त वाहन नहीं हैं, जिसके कारण डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। पूर्व में मामला सामने आने के बाद विभाग हरकत में आया, लेकिन केवल एक ट्रैक्टर से एक डीलर तक अनाज भेजकर फिर गोदाम बंद कर दिया गया।
एक-एक गाड़ी से होगी आपूर्ति तो लग जाएंगे महीनों
पीडीएस दुकानदारों का कहना है कि यदि इसी गति से अनाज की आपूर्ति होती रही तो जून का आवंटन जुलाई के अंतिम सप्ताह या अगस्त तक भी पूरा नहीं हो सकेगा। ऐसे में कार्डधारकों को समय पर राशन वितरण संभव नहीं होगा और खाद्यान्न आवंटन लैप्स होने का खतरा बना हुआ है।
गोदाम प्रबंधन ने ठेकेदार पर डाली जिम्मेदारी
सवैयाटांड़, फरका बुजुर्ग, धमनी, लेंगुरा, अंधरवारी, अमावां पूर्वी-पश्चिमी, जोगियामारण तथा रजौली पूर्वी एवं पश्चिमी पंचायतों के डीलरों ने बताया कि गोदाम प्रबंधक का कहना है कि गोदाम खोलने और अनाज देने में कोई परेशानी नहीं है, लेकिन डीएसडी संवेदक द्वारा वाहन उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण खाद्यान्न उठाव बाधित है।
डीलरों ने लगाया कुव्यवस्था का आरोप
डीलरों का आरोप है कि हर महीने अंतिम समय में जल्दबाजी में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है, जिससे गुणवत्ता जांच का अवसर नहीं मिल पाता और मजबूरी में उपलब्ध खाद्यान्न स्वीकार करना पड़ता है। उन्होंने विभाग से परिवहन व्यवस्था में तत्काल सुधार और समय पर खाद्यान्न आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
कहते हैं एफसीआई अधिकारी
एफसीआई के जिला प्रबंधक प्रीतम सिंह ने बताया कि नए डीएसडी संवेदकों के वाहनों की अनुमति की प्रक्रिया परिवहन समिति और जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यालय भेजी गई है। अवकाश के कारण प्रक्रिया में विलंब हुआ। उन्होंने कहा कि 10 से 12 जुलाई तक सभी 90 डीलरों को खाद्यान्न उपलब्ध करा दिया जाएगा तथा सोमवार से वाहनों की संख्या बढ़ा दी जाएगी।
एफसीआई प्रबंधक रजौली रास बिहारी ने बताया कि सर्वर पर नए संवेदक के वाहनों का विवरण अपडेट नहीं होने तथा रविवार को मजदूरों के उपलब्ध नहीं रहने के कारण वितरण प्रभावित हुआ। उन्होंने दावा किया कि सोमवार से सभी क्षेत्रों में खाद्यान्न वितरण सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट