मुजफ्फरपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जिसमें मुहर्रम के जुलूस के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात एक दरोगा ने नियमों को ताक पर रख धार्मिक आवेश में आकर खुद तलवार भांजने लगा। खाकी वर्दी पहनकर सरेआम तलवार भांजते दरोगा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मुजफ्फरपुर एसएसपी ने इस पूरे मामले की जांच का आदेश दिया है। जानकारी के अनुसार मामला जिले के कांटी थाना क्षेत्र का है। बताया गया कि यहां मोहर्रम जुलूस के दौरान सुरक्षा में तैनात कांटी थाने के सब-इंस्पेक्टर (SI) मुस्तकीम खान अचानक वर्दी में ही तलवारबाजी करने के लिए अखाड़े में उतर गए और तलवार भांजनी शुरू कर दी।
कानून-व्यवस्था संभालने के बजाय दारोगा द्वारा खुद करतब दिखाने का वीडियो वायरल होने के बाद अब एसएसपी ने इसकी जांच का आदेश देते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। दरअसल, खाकी वर्दी पहने दारोगा द्वारा सार्वजनिक रूप से की गई तलवारबाजी की हरकत का वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो के इंटरनेट पर आने के बाद मुजफ्फरपुर SSP ने इसका संज्ञान लेते हुए उच्च स्तरीय जांच आदेश दे दिया।
बताया जाता है कि कांटी थाना क्षेत्र में मोहर्रम के त्योहार को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कांटी थाने के सब-इंस्पेक्टर मुस्तकीम खान को पुलिस बल के साथ वहां तैनात किया गया। संबंधित दरोगा की मुहर्रम जुलूस में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी लगाई गई थी। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दरोगा जी वर्दी में हैं, नेम प्लेट और पुलिस का बैज लगा हुआ है, और वे हाथ में नंगी तलवार लेकर हवा में लहरा रहे हैं। वे जुलूस में शामिल अन्य लोगों की तरह ही करतब दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान वहां मौजूद भीड़ उनका हौसला बढ़ा रही थी और कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल है।