अरवल -जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस के मार्गदर्शन एवं विभागीय निर्देशों के आलोक में जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर सामाजिक अंकेक्षण का कार्य संपादित किया गया। इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
सामाजिक अंकेक्षण का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाना तथा उनसे प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करना है। आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से संचालित पूरक पोषण कार्यक्रम, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल, बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं, प्रारंभिक बाल शिक्षा एवं अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों की जानकारी उपस्थित लोगों को दी गई।
इसी क्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी माला कुमारी द्वारा अरवल परियोजना अंतर्गत प्यारेचक आंगनबाड़ी केन्द्र का भ्रमण कर सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम में भाग लिया गया। इस दौरान लाभार्थियों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर केन्द्रों पर उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के संबंध में उनकी राय एवं सुझाव प्राप्त किए गए।
सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों का संकलन कर आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि आंगनबाड़ी केन्द्रों की सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से संचालित सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंच सके तथा जनसहभागिता के माध्यम से सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जा सके।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट