राजधानी पटना के नौबतपुर में तिलक समारोह में डांस के लिए बुलाकर दो सगी बहनों से रातभर सामूहिक दुष्कर्म का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार नौबतपुर में एक तिलक समारोह में डांस के लिए झारखंड की दो नर्तकी बहनों को बुलाया गया था। लेकिन वे वहां पहुंची तो उन्हें बंधक बना लिया गया और उनके साथ 13 लोगों ने बारी—बारी से गैंगरेप किया। इसको लेकर दोनों बहनों ने नौबतपुर थाना में एफआईआर दर्ज कराई है जिसमें 10 नामजद और तीन अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। बताया जाता है कि इस कांड में त्वरित कार्रवाई करते हुए नौबतपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
बंधक बना कर रातभर किया गैंगरेप
जानकारी के अनुसार पटना के एसएसपी ने इस मामले को काफी गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया है। बहनों द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार नौबतपुर थाना क्षेत्र के बेलूरा रामपुर के निवासी मुन्ना कुमार ने दोनों बहनों को बताया कि उसके यहां 18 जून को एक तिलक समारोह है। इसमें डांस के लिए झारखंड की रहने वाली इन दोनों बहनों को बुलाया गया। लेकिन, जब दोनों वहां पहुंची तो उन्हें बंधक बना लिया गया। ऐसा आरोप है कि इसके बाद दोनों बहनों के साथ 13 लोगों ने रातभर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद मुन्ना कुमार, उसके चचेरे भाई सूरज कुमार और उनके साथियों समेत कुल 13 लोगों ने दोनों बहनों को बंधक बना लिया और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पीड़ित बहनों ने 10 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जांच के लिए SIT टीम का गठन
नौबतपुर पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िताओं की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर मौके से मिले साक्ष्यों और पीड़िताओं के बयान के आधार पर एक आरोपी मुन्ना कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फुलवारी शरीफ के डीएसपी बताया है कि दिनांक नौबतपुर थाने में दो महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की सूचना आई है। डीएसपी ने कहा कि पीड़िताओं का बयान दर्ज करने के बाद उनका आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। साथ ही, FSL टीम द्वारा घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्यों का संकलन किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन कर दिया गया है। पुलिस द्वारा सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है और शीघ्र ही सारे आरोपी पकड़े जायेंगे।