– लालू की सेहत का हवाला दे राबड़ी ने मांगी एक महीने की मोहलत
पटना। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड स्थित अपना सरकारी आवास खाली करने के लिए राज्य सरकार से एक महीने का अतिरिक्त समय मांगा है। भवन निर्माण विभाग द्वारा जारी 15 दिनों के नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद, राबड़ी देवी ने सरकार को पत्र लिखकर फिलहाल बंगला खाली करने में असमर्थता जताई है। इसके पीछे उन्होंने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया है।
राज्य सरकार को भेजे पत्र में राबड़ी देवी ने कहा है कि लालू प्रसाद की चिकित्सीय स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्हें संक्रमण का गंभीर खतरा बना रहता है, जिसके कारण वर्तमान आवास में उनके लिए एक विशेष कमरा और अलग से व्यवस्था की गई है। राबड़ी देवी ने सरकार से अनुरोध किया है कि उन्हें आवंटित 39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी बंगले में भी लालू प्रसाद के स्वास्थ्य के अनुकूल इसी प्रकार की आवश्यक सुविधाएं और विशेष कमरों का निर्माण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए आवास का नवीनीकरण और जरूरी तैयारियां पूरी होते ही वे वहां शिफ्ट हो जाएंगी।
इस बीच लालू परिवार के नए ठिकाने को लेकर असमंजस बरकरार है। हाल ही में सांसद मीसा भारती ने बयान दिया था कि परिवार सरकारी आवास खाली कर देगा। इसके बाद राबड़ी देवी को कौटिल्य नगर स्थित एक नए आवास का निरीक्षण करते हुए भी देखा गया था, जिससे उनके वहां जाने की अटकलें तेज हो गई थीं। अब राबड़ी देवी के इस पत्र के बाद गेंद बिहार सरकार के पाले में है। यह देखना दिलचस्प होगा कि नीतीश सरकार मानवीय और स्वास्थ्य आधार पर मांगी गई इस मोहलत को मंजूरी देती है या आवास खाली करने का दबाव बनाती है।