-जिला स्तर पर 36 शिकायतों की सुनवाई
नवादा : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” के तहत आम नागरिकों के दैनिक जीवन को सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित की गई।
जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा कुल 36 शिकायतें दर्ज कराई गईं। प्राप्त शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया तथा शेष मामलों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान थाना रोह अंतर्गत ग्राम विष्णुनगर निवासी सुनीता देवी द्वारा जंगली हाथी के उत्पात से संबंधित शिकायत, थाना पकरीबरावां अंतर्गत ग्राम मेधीपुर निवासी किशोर प्रसाद सिंह द्वारा विद्युत तार एवं पोल से संबंधित आवेदन, थाना वारिसलीगंज अंतर्गत ग्राम बाघीबरडीहा निवासी पन्ना लाल साव द्वारा कांड संख्या-510/25 से संबंधित आवेदन तथा थाना रोह अंतर्गत ग्राम मोरमा निवासी विभा कुमारी द्वारा दाखिल-खारिज से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें एवं समस्याएं जनसुनवाई में रखी गईं।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी राहत मिल सके। इसी क्रम में अपर समाहर्ता, नवादा तथा नवादा सदर एवं रजौली अनुमंडल कार्यालयों सहित जिले के सभी ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तरीय कार्यालयों में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान आमजनों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
भईया जी की रिपोर्ट