अरवल। जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित जनता दरबार सह जन-साक्षात्कार कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में करीब 10 नागरिकों ने भूमि विवाद, अतिक्रमण, अवैध कब्जा, भूमि मापी, आवास योजना, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को जिला पदाधिकारी के समक्ष रखा।
जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए जिला पदाधिकारी ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निष्पादन कराया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान त्वरित, पारदर्शी एवं नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए।
कुर्था प्रखंड के सैदपुर गांव निवासी मो. आसिक अंसारी ने शिकायत की कि उनकी निजी जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है तथा भूमि मापी भी नहीं होने दी जा रही है। इस पर जिला पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी कुर्था को नियमानुसार भूमि मापी कराते हुए सात दिनों के भीतर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
वहीं करपी प्रखंड के शहर तेलपा पंचायत के वार्ड संख्या-8 के ग्रामीणों ने बताया कि 42 घरों के नाली का पानी जिस स्थान पर निकलता था, वहां जमीन मालिक द्वारा मिट्टी भरकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे जलजमाव और बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। इस मामले में जिला पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) को नाली की उड़ाही कराने तथा अंचलाधिकारी करपी को सरकारी भूमि की मापी कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा करपी प्रखंड के पहड़पुरा निवासी जयराम शर्मा ने शिकायत की कि नाली का पानी उनकी निजी जमीन में गिराया जा रहा है, जिससे हर वर्ष उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। इस पर जिला पदाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, करपी को नियमानुसार कार्रवाई कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जन-साक्षात्कार कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट