नवादा : केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा के सफल, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर आज दिनांक 14 जून 2026 को जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश द्वारा विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। उल्लेखनीय है कि जिले के कुल 18 परीक्षा केन्द्रों पर उक्त भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय, नवादा एवं ज्ञान भारती, नवादा परीक्षा केन्द्र का भ्रमण कर परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वारों एवं प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया। जिला पदाधिकारी ने केन्द्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने हेतु सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन, तलाशी व्यवस्था एवं परीक्षा केन्द्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर श्री अमित अनुराग, गोपनीय शाखा प्रभारी श्री राजीव कुमार, संबंधित केन्द्राधीक्षक, दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य प्रतिनियुक्त कर्मी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट