अरवल – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा “12 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत जिला अतिथि गृह, अरवल में मीडिया संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बिहार विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व मंत्री जनक राम उपस्थित रहे। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत जिला मंत्री सह मीडिया प्रभारी अमृत राज उपाध्याय ने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों का स्वागत कर की। इसके बाद उन्होंने मुख्य वक्ता जनक राम से कार्यक्रम को संबोधित करने का आग्रह किया।
मीडिया संवाद को संबोधित करते हुए जनक राम ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और परिवर्तन की नई ऊंचाइयों को छुआ है। यह केवल एक सरकार का कार्यकाल नहीं, बल्कि देश की तस्वीर और तकदीर बदलने वाली ऐतिहासिक यात्रा रही है। उन्होंने जनधन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुनकर जनता ने विकास और सुशासन पर अपनी मुहर लगाई है। जनक राम ने कहा कि सरकार का मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” रहा है। केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है तथा रक्षा, डिजिटल तकनीक और अंतरिक्ष क्षेत्र में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसान और ग्रामीण भारत हैं। कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में पिछले 12 वर्षों में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य विकसित भारत का निर्माण करना है और इसी दिशा में लगातार नीतिगत निर्णय लिए जा रहे हैं। मीडिया संवाद कार्यक्रम में भाजपा प्रवक्ता शंकर सहनी, जिला मंत्री अमृत राज उपाध्याय, राहुल वत्स, धनंजय रविदास, संजय गुप्ता, रविरंजन कुमार सहित कई पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट