नवादा | जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत सिसवां गांव में सामाजिक जिम्मेदारियों के तहत एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। नगर के बोधी ट्री इंटरनेशनल स्कूल और सावित्री सेवा सदन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने विभिन्न बीमारियों का मुफ्त इलाज कराया।
बोधी ट्री इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक शशांक भूषण के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर की कमान नवादा की पूर्व सिविल सर्जन डॉ. सावित्री शर्मा ने संभाली। डॉ. सावित्री शर्मा ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाके के उन लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है जो आर्थिक या अन्य कारणों से शहर के बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते। शिविर में मरीजों की न केवल नि:शुल्क चिकित्सीय जांच की गई, बल्कि उन्हें जरूरी दवाइयां भी मुफ्त में उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में जिले के कई जाने-माने विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
डॉ. राजकिशन : सदर अस्पताल में पदस्थापित सामान्य रोग विशेषज्ञ।
डॉ. संतोष कुमार : प्रसिद्ध दंत चिकित्सक।
डॉ. गिरजेश कुमार : वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक।
इस मानवीय कार्य को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर पूर्व मुखिया व वर्तमान पैक्स अध्यक्ष कृष्णामणि कुमारी, युवा समाजसेवी टुनी सिंह, संतोष कुमार, नमूना सिंह, सन्नी कुमार, मनीष रंजन, निरंजन कुमार, चंदन सिन्हा और परशुराम सिंह सहित सिसवां गांव के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने डॉक्टरों के इस सेवाभाव की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
भईया जी की रिपोर्ट