नवादा | जिले के पकरीबरावां अंचल में बहुप्रतीक्षित डिग्री कॉलेज की स्थापना को लेकर प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है। जिला पदाधिकारी (डीएम) रवि प्रकाश के निर्देश पर नवादा सदर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अमित अनुराग ने प्रस्तावित भूमि का विस्तृत स्थल निरीक्षण किया। डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए पकरीबरावां अंचल के अंतर्गत मौजा पड़रिया में 8.24 एकड़ भूमि प्रस्तावित की गई है। एसडीओ अमित अनुराग ने इस स्थल पर पहुंचकर जमीन की उपलब्धता और उसकी भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उच्च शिक्षण संस्थान की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समीक्षा की गई, जिनमें मुख्य रूप से कॉलेज तक पहुँचने के लिए मुख्य मार्ग (पहुंच मार्ग) की स्थिति ठीक हो और भविष्य में संस्थान के विस्तार के लिए आवश्यक आधारभूत संरचनाओं (इंफ्रास्ट्रक्चर) की संभावना मिल सके।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग की कार्यक्रम पदाधिकारी (नवादा) श्रीमती वर्षा ए. और पकरीबरावां के अंचल अधिकारी (सीओ) मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भूमि से जुड़े राजस्व दस्तावेजों और कॉलेज निर्माण के तकनीकी पहलुओं पर भी चर्चा की। इस डिग्री कॉलेज के निर्माण से पकरीबरावां और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है।
भईया जी की रिपोर्ट