पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव (MLC) में RJD ने राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई सुनील कुमार सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीँ, टिकट नहीं मिलने से नाराज राष्ट्रीय जनता दल (RJD)के SC/ST प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने अपने पद सहित पार्टी के तमाम पदों से आज इस्तीफा दे दिया। पटना में आनन-फानन में बुलाए गए एक संवाददाता सम्मेलन में शिवचंद्र राम ने इस फैसले का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया के सामने अपनी पीड़ा बयां करते हुए कैमरे के सामने ही फूट-फूटकर रो पड़े।
मीडिया से बातचीत करते हुए भावुक शिवचंद्र राम ने कहा कि मेरा नाम MLC उम्मीदवार के लिए चल रहा था, यह मैं भी देख रहा था। लेकिन अचानक ऐसा क्या हुआ कि मेरा नाम काट दिया गया? हमारे साथ सीधे तौर पर वादाखिलाफी और नाइंसाफी हुई है। उन्होंने आरजेडी नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि आश्वासन मिलने के बाद भी उसे पूरा नहीं किया गया। दिन-रात पार्टी के लिए खून-पसीना बहाने का यह सिला मिला है। पार्टी में इस समय किसका चल रहा है और किसका नहीं, यह सब समय आने पर साफ हो जाएगा।
मालूम हो कि बिहार MLC चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन RJD ने सस्पेंस खत्म करते हुए राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई सुनील कुमार सिंह को दोबारा अपना उम्मीदवार बनाया। सुनील सिंह ने विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया। जैसे ही शिवचंद्र राम को सुनील सिंह के उम्मीदवार बनने की आधिकारिक जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई और लालू प्रसाद यादव की पार्टी के सभी पदों को छोड़ने का ऐलान कर दिया। शिवचंद्र राम के इस आत्मघाती कदम और आंसुओं ने बिहार की सियासत में नई बहस छेड़ दी है, खासकर चुनाव के ऐन वक्त पर SC/ST प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष का जाना आरजेडी के लिए एक बड़ा संगठनात्मक झटका माना जा रहा है।