अरवल में बीती देर रात करीब 12 बजे एक सफारी कर तीखे मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण अचानक बेकाबू होकर सोन नहर में गिर गई। इस हादसे में कार सवार 4 लोगों की मौत की खबर है जबकि एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार कार सवार सभी लोग राजधानी पटना से अरवल आए थे और यहां स्थानीय विधायक से मुलाकात करने के बाद वापस पटना की ओर लौट रहे थे। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जाता है कि सभी मृतक पटना के बिहटा के रहने वाले थे। हादसे के वक्त कार में ड्राइवर समेत कुल 5 लोग सवार थे जिनमें 4 की मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने बताया कि पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के अमहारा गांव से 5 लोग सफारी गाड़ी पर सवार होकर अरवल पहुंचे थे। यहां लोकल विधायक से मुलाकात के बाद सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एक तीखे मोड़ पर सफारी गाड़ी के ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और उनकी कार सीधे सोन नहर में जा गिरी। दुर्घटना के बाद ड्राइवर सफारी का सीसा तोड़कर किसी तरह बाहर निकला और उसने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और राहत तथा बचाव कार्य में जुट गए। हादसे में रिशांक कुमार (अमहारा), अमन कुमार (कंकड़बाग), मनोज कुमार (बघाकोल) समेत एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। रोहित कुमार (अमहारा) को स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायल ड्राइवर का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
इधर हादसे की सूचना मिलते ही अरवल पुलिस गोताखोरों की टीम और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। रात अधिक होने के कारण नहर से वाहन निकालने और रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन भी घटनास्थल और सदर अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सभी मृतक पटना जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।