नवादा : जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की मुश्किलें बढ़नी तय मानी जा रही है। ऐसा कार्मिक विभाग में दायर प्रतिवाद को स्वीकार कर सुनवाई सुनिश्चित किये जाने के कारण हो सकता है। मामला एक ही अधिकारी को पांच-पांच विभागों का प्रभारी बनाये जाने से जुड़ा है जिसकी अनुमति सरकार नहीं देती। जिले के बहुचर्चित आरटीआई कार्यकर्ता प्रणव कुमार चर्चिल ने उपरोक्त मामले को मुख्य सचिव व कार्मिक विभाग के पास मजबूती से उठाया है। विभाग ने मामले को गंभीरता लेते हुए वादी से शपथ पत्र की मांग की जिसे उपलब्ध कराया गया है। अब सुनवाई की तिथि का इंतजार है।
बता दें समाहर्ता ने डा राजकुमार सिंह को एक नहीं पांच-पांच विभाग का प्रभारी बना रखा है जिसकी इजाजत कार्मिक विभाग नहीं देता। उपरोक्त मामले में सरकार के गाइड लाइन की धज्जियां डीएम ने उड़ाई है। यही कारण है कि मामले को गंभीरता से उठाने वाले आरटीआई कार्यकर्ता समेत कई निष्पक्ष पत्रकारों का मोबाइल नंबर को उन्होंने ब्लाक कर रखा है। उपरोक्त मामले की भी शिकायत मुख्य सचिव से किये जाने के बावजूद उनकी सेहत पर कोई असर नहीं पड़ता दिखाई दे रहा है। और तो और जिले के दर्जनों अधिकारी भी डीएम के नक्शे कदम पर चल रहे हैं तथा उन्होंने भी कई पत्रकारों का नियम के विरुद्ध मोबाइल ब्लाक कर रखा है। बहरहाल फिलहाल सबकी निगाहें कार्मिक विभाग की सुनवाई व कार्रवाई पर टिकी है जिसका इंतजार हर किसी को रहेगा।
भईया जी की रिपोर्ट