मशहूर कोचिंग शिक्षक खान सर अभी सरेंडर नहीं करेंगे। पटना कोचिंग फायरिंग विवाद के कारण मुश्किलों में फंसे खान सर के आज शनिवार की सुबह पटना सिविल कोर्ट पहुंचने की खबर आई थी। लेकिन अब सूचना है कि वह आज सरेंडर नहीं करेंगे। फायरिंग मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद खान सर फिलहाल फरार हैं। आज सुबह उनके वकील कोर्ट पहुंचे थे। पहले उनके सरेंडर की खबर आई थी, लेकिन उनके वकील ने इस बात से साफ इनकार कर दिया। फिलहाल उनके वकील कोर्ट में खान सर के अग्रिम जमानत की अर्जी दायर करने की तैयारी कर रहे हैं। दूसरी ओर पटना पुलिस खान सर को गिरफ्तार करने की जुगत में है।
यह भी साफ हो गया कि खान सर आज खुद कोर्ट नहीं पहुंचे, बल्कि उनके वकील जमानत अर्जी दाखिल करने अदालत आए। सरेंडर की अटकलों के बीच शनिवार दोपहर 1.35 तक यह बात स्पष्ट हो गई कि खान सर ने अब तक कोर्ट में आत्मसमर्पण नहीं किया है, जबकि कोर्ट का समय भी समाप्त हो चुका है। ऐसे में इन अटकलों को विराम लग गया कि खान सर सरेंडर करने वाले हैं। हालांकि खान सर के पास अभी अग्रिम जमानत लेने का विकल्प है। वे कोर्ट के अगले कार्य दिवस पर सरेंडर भी कर सकते हैं।
पटना में कोचिंग विवाद के बाद खान सर पर आर्म्स एक्ट और हत्या की कोशिश की धाराओं में केस दर्ज हुआ था जिसके बाद पटना पुलिस ने कल से ही उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हुई फायरिंग मामले की एफआईआर में पटना पुलिस ने खान सर को नामजद किया हुआ है। पटना पुलिस ने रात भर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की, लेकिन उनका कोई अता-पता नहीं था। फिलहाल पटना कोर्ट और खान सर के कोचिंग में भारी सुरक्षाबल तैनात है।