नवादा : जिला प्रशासन द्वारा प्रवेश व पार्किंग शुल्क वृद्धि के बाद राज्य अल्पसंख्यक आयोग सदस्य अफरोजा खातुन ने जिले के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल शीतल जलप्रपात ककोलत का दौरा किया। इस क्रम में उन्होंने महिलाओं के लिए पर्याप्त व्यवस्था न होने पर अपनी नाराज़गी व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि जलप्रपात के पास महिलाओं को स्नान के बाद कपड़े बदलने के लिए पर्याप्त व्यवस्था तो है लेकिन साफ सफाई का पूर्णतः अभाव है। जलप्रपात के उपर महिला शौचालय की कमी के कारण महिलाएं कपड़े बदलने वाले कमरे में शौच करने को मजबूर हैं। परिणाम है कि स्नान के बाद महिलाओं को कपड़े बदलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने पर्यटन मंत्री से ककोलत जलप्रपात के व्यवस्था में अविलंब सुधार करने के साथ प्रवेश व पार्किंग शुल्क वृद्धि को जनहित में वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि ऐसा न होने से न केवल सैलानियों का आगमन प्रभावित हो रहा है बल्कि स्थानीय दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही सरकारी स्तर पर मनायें जाने वाले ककोलत महोत्सव को जिला मुख्यालय में न मना ककोलत में मनायें जाने का अनुरोध किया है।
भईया जी की रिपोर्ट