नवादा : जिले में अवैध खनन के विरुद्ध खनन विभाग व पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है। संयुक्त खनन टीम द्वारा पिछले 24 घंटे में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर बालू लदे 06 ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया । इस दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। मामले में नवादा के ख़ान निरीक्षक संतोष प्रकाश झा द्वारा अलग अलग प्राथमिकी दर्ज करायी गई है। साथ ही वाहनों पर लाखों रुपये जुर्माना लगाया गया है।
ताजा मामला नगर थाना क्षेत्र का है। जहां गुप्त सूचना पर खनन टीम ने के एल एस कॉलेज के समीप ग्रामीण पथ पर छापेमारी की। छापामारी के दौरान पीछा कर दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया । वाहनों के चालक चकमा देकर भागने में सफल रहे। दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर नगर थाना लाया गया। मामले में दोनों पर 02 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। चालकों की पहचान कर उनकी गिरफ़्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हिसुआ से दो ट्रैक्टर जब्त
खनन विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए अलग अलग जगहों से बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। दोनों के चालक वाहनों से कूद कर भाग निकले। घटना हिसुआ सरतकिया गांव के समीप की है। बालू लदा एक ट्रैक्टर सरतकिया ग्रामीण मार्ग से जब्त कर लिया गया। तिलैया नदी से अवैध खनन कर बालू लाया जा रहा था। वहीं धमौल गांव के समीप छापेमारी कर खनन टीम ने एक बालू लदा ट्रैक्टर जब्त कर लिया। चालक कूदकर फरार हो गया। दोनों मामले में वाहनों के चालक व मालिकों के विरुद्ध हिसुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दोनों वाहनों पर क्रमशः 01 लाख 06 हजार 368 व 01 लाख 07 हजार 75 रुपये जुर्माना लगाया गया।
नेमदारगंज से धराया दो ट्रैक्टर
खनन टीम ने गुप्त सूचना पर नेमदारगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। दोनों ट्रैक्टर सकरी नदी से बालू लेकर आ रहे थे। टीम का गठन कर छापेमारी की गई। दोनों वाहनों के चालक बालू गिरा कर भाग निकले। वाहनों को जब्त कर थाने लाया गया। मामले में नेमदारगंज थाने में वाहनों के चालक व मालिकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई। दोनों वाहनों पर प्रति वाहन 01 लाख 142 रुपये जुर्माना लगाया गया।
भईया जी की रिपोर्ट