पटना। देश में नीट-यूजी (NEET-UG) परीक्षा में हुई धांधली को लेकर छात्रों और अभिभावकों का गुस्सा अभी थमा नहीं था कि अब पटना के मशहूर शिक्षक खान सर ने भी इस पूरे मामले पर सरकार और प्रशासन को आड़े हाथों लिया है। अपने क्लासरूम में छात्रों से वार्ता करते हुए खान सर ने सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला और पेपर लीक करने वालों के खिलाफ फांसी और एनकाउंटर जैसी सख्त सजा की मांग की।
सरकार द्वारा पेपर की सुरक्षा के लिए एयरफोर्स की मदद लेने के फैसले पर तंज कसते हुए खान सर ने कहा कि यह अच्छी बात है, पेपर अब एयरफोर्स की टीम पहुंचाएगी, लेकिन मलेरिया की बीमारी में टाइफाइड का इंजेक्शन नहीं लगाया जाता है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि नीट पेपर के पहुंचने में कोई समस्या नहीं थी जिसके लिए एयरफोर्स का इस्तेमाल किया जा रहा है, असली समस्या तो वहां है जहां पेपर छप रहा है, पेपर वहीं से लीक हो जा रहा है।
खान सर ने क्लासरूम में मौजूद छात्रों से पूछा कि क्या पेपर लीक करने वालों को छोड़ देना चाहिए? इस पर सभी बच्चों ने एक सुर में “नहीं”। आगे उन्होंने कहा कि जो भी टीचर इस धांधली में पकड़े गए, उनको अब तक फांसी क्यों नहीं हुई? एनकाउंटर क्यों नहीं हुआ? उनके घर क्यों नहीं तोड़े गए?” सरकार प्रयास का दावा कर रही है, लेकिन जहां पेपर छप रहा है, वहां के मुख्य दोषियों को सजा नहीं दे रही, जिससे सिर्फ गरीब घर के बच्चों का हक मारा जा रहा है। सरकार से हमारी बस एक ही मांग है कि वे ईमानदारी से पेपर लें, हमें और कुछ नहीं चाहिए।
खान सर ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अधिकारियों के बयानों पर तीखी प्रतक्रिया देते हुए कहा कि एक अफसर कह रहा है कि पेपर लीक नहीं हुआ, बस कुछ सवाल बाहर आ गए थे। यह अफसर अगर अस्पताल में होता तो कहता कि मरीज मरा नहीं है, बस उसकी सांस बंद हो गई है। ऐसे पागल लोग वहां बैठे हुए हैं। लोग नीट को लेकर एनटीए को कोस ही रहे थे कि तब तक इन लोगों ने सीयूईटी (CUET) के पेपर का भी नाश कर दिया। अधिकारियों के इस रवैए से देश के लाखों गरीब और होनहार बच्चों के मनोबल पर बेहद बुरा और गहरा असर पड़ रहा है।