नवादा : जिले के बिहार-झारखंड सीमा पर शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में उत्पाद विभाग ने 594 लीटर चुलाई महुआ शराब के साथ तीन बाइक जब्त की । तस्कर फरार होने में सफल रहा। दूसरी ओर समेकित जांच केंद्र में बस से शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
फुलवरिया डैम मार्ग पर देर रात छापेमारी
उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि फुलवरिया डैम के रास्ते शराब की बड़ी खेप रजौली की ओर लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद चितरकोली समेकित जांच चौकी प्रभारी उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी अभियान चलाया।
उत्पाद बल को देख भागे तस्कर
छापेमारी के दौरान तीन बाइक पर सवार तस्कर उत्पाद विभाग की टीम को देखते ही वाहन छोड़कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। तलाशी के दौरान तीनों बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली बाइकों पर लदे प्लास्टिक के बोरों से कुल 594 लीटर चुलाई महुआ शराब बरामद की गई।
फरार तस्करों पर दर्ज हुई प्राथमिकी
जब्त शराब और बाइकों को कब्जे में लेकर उत्पाद विभाग ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
बस से शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
इसी दौरान चितरकोली समेकित जांच चौकी पर वाहनों की नियमित जांच के क्रम में एक यात्री बस से दो लोगों को शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र निवासी राज कुमार और खगड़िया जिले के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र निवासी श्रवण कुमार के रूप में हुई है।
दो शराबी गिरफ्तार
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जांच अभियान के दौरान दो लोगों को शराब के नशे की हालत में हिरासत में लिया गया। दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां जुर्माना जमा करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
भईया जी की रिपोर्ट