नवादा : जिले के सिरदला प्रखंड ऊपरडीह पंचायत मडर गांव में हर घर नल-जल योजना को बड़ा झटका लगा है। वार्ड संख्या-2 में स्थापित पानी टंकी को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे जलापूर्ति बाधित हो गई और ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
पत्थर मारकर तोड़ी पानी टंकी
ग्रामीणों के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर मारकर प्लास्टिक की पानी टंकी को तोड़ दिया। टंकी क्षतिग्रस्त होने के बाद उसमें संग्रहित हजारों लीटर पानी लगातार बह रहा है, जिससे सरकारी योजना को नुकसान पहुंचा है।
घरों तक नहीं पहुंच रहा पानी
टंकी टूटने के कारण वार्ड के कई घरों में नियमित जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई है। हालांकि टंकी से बह रहे पानी का उपयोग आसपास के लोग अपनी प्यास बुझाने के लिए कर रहे हैं, लेकिन नल-जल योजना का वास्तविक लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी
ग्रामीण संजय कुमार और सुबोध कुमार ने बताया कि टंकी क्षतिग्रस्त होने के बाद कई परिवारों के सामने पेयजल की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। गर्मी के मौसम में पानी की कमी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द टंक मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है। साथ ही घटना में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
संवेदक ने थाने में दिया आवेदन
योजना के संवेदक बिनोद कुमार ने थाना में आवेदन देकर मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना गंभीर अपराध है और ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस ने शुरू की जांच
सिरदला थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ । पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के बाद दोषियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट