अरवल – ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को लेकर जिला प्रशासन ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सफल आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस एवं पुलिस अधीक्षक अरवल डॉ. नवजोत सिमी द्वारा संयुक्त रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर सतर्क एवं सक्रिय रहें।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों एवं आम नागरिकों के साथ सतत समन्वय बनाए रखें, ताकि पर्व आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। जिला पदाधिकारी ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, अफवाहों पर तत्परता से कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया पर निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी अधिकारियों को समय-समय पर अपने वरीय पदाधिकारियों को स्थिति की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखी जाए। उन्होंने कहा कि गश्ती दल निरंतर सक्रिय रहें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर निर्धारित समय से पूर्व पहुंचकर आवश्यक तैयारियों का जायजा लें तथा पर्व के दौरान लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था बनाए रखें।
पर्व के अवसर पर आमजनों की सुविधा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से त्वरित निपटने हेतु जिला स्तर पर समाहरणालय, अरवल में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जो 27 मई, 2026 के अपराह्न से 30 मई, 2026 के अपराह्न तक सतत संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से विधि-व्यवस्था, आपातकालीन सहायता एवं अन्य आवश्यक सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाएगा।आम नागरिक निम्नलिखित दूरभाष संख्याओं पर संपर्क कर अपनी शिकायत, सूचना अथवा सुझाव दर्ज करा सकते हैं —
06337-228994
06337-229494
8235230817
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना अविलंब प्रशासन एवं पुलिस को उपलब्ध कराएं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट