पटना/बख्तियारपुर : गंगा दशहरा के पावन अवसर पर बख्तियारपुर के सीढ़ी घाट पर आयोजित भव्य गंगा महाआरती में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री Nitish Kumar के पुत्र Nishant Kumar शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आम श्रद्धालुओं के बीच दर्शक दीर्घा में बैठकर मां गंगा की महाआरती का दिव्य दृश्य देखा और पूजा-अर्चना में भाग लिया।
गंगा दशहरा की संध्या पर आयोजित इस भव्य महाआरती ने पूरे बख्तियारपुर को भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। गंगा तट पर उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़, वैदिक मंत्रोच्चार, दीपों की जगमगाहट और भक्ति संगीत ने माहौल को अलौकिक बना दिया। काशी (बनारस) से आए ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रों के बीच मां गंगा की पूजा-अर्चना की गई तथा शंख ध्वनि के साथ भव्य संध्या आरती संपन्न हुई। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद पहली बार गंगा दशहरा पर बख्तियारपुर पहुंचे। जैसे ही उनका काफिला सीढ़ी घाट पहुंचा, उन्हें देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बख्तियारपुर के लोगों से उनके पुराने और करीबी संबंधों की झलक भी इस दौरान देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने बख्तियारपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और ट्रॉमा सेंटर की स्थापना की मांग रखी। इस पर निशांत कुमार ने सहमति जताई। लोगों ने उनसे कहा कि क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करिए ताकि जनता आपको हमेशा याद रखे। इस पर उन्होंने मुस्कुराकर लोगों का अभिवादन किया। हालांकि पूरे कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री मीडिया के सवालों से बचते नजर आए। गंगा आरती में शामिल होने से पहले उन्होंने बख्तियारपुर में एक जिम सेंटर का उद्घाटन भी किया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट