पटना। बिहार में विधान परिषद (MLC) की 9 सीटों पर चुनाव और एक सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनाव आयोग द्वारा मंगलवार (26 मई) को तारीखों की घोषणा के तुरंत बाद हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद मांझी ने मीडिया के सामने खुलकर अपनी पार्टी के लिए एमएलसी की एक सीट की मांग रख दी।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मांझी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “एमएलसी सीट की मांग हमारी बहुत पहले से है। आज हमारे पास पांच विधायक, एक सांसद और एक एमएलसी हैं। बिहार के किसी भी जिले में हमारी पार्टी के कार्यकर्ता किसी अन्य दल से कमजोर नहीं हैं। वहीं, उन्होंने लोकसभा चुनाव में एनडीए के प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा कि एनडीए के हर प्रदर्शन में हमारे कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया है। हालिया चुनाव में भी हमारे लोग बेहद सक्रिय रहे और एनडीए को बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
इसी प्रदर्शन और उपलब्धियों के आधार पर हमारी मांग है कि हमारी पार्टी को एमएलसी की एक और सीट मिलनी चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने साफ किया कि सीट की मांग के बावजूद एनडीए के प्रति उनकी वफादारी अटूट है। उन्होंने कहा, “हम आज भी एनडीए के लिए पूरी तरह समर्पित हैं और हमारी कोई शर्त नहीं है। लेकिन अगर हमें एमएलसी का एक पद दिया जाता है, तो इससे एनडीए और मजबूत होगा और हमारे कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ेगा। यह एनडीए और हम (HAM) दोनों के हित में है।
मांझी ने यह भी जोड़ा कि वे इस संबंध में जल्द ही एनडीए के केंद्रीय नेतृत्व से भी बात करेंगे, हालांकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ इस मुलाकात में केवल शिष्टाचार और विकास के मुद्दों पर चर्चा हुई। मुलाकात के बाद जीतन राम मांझी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (ट्विटर) पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा, “बुद्ध की धरती बिहार के नए शिल्पकार एवं विकसित बिहार के सपनों को पूर्ण करने के लिए सदैव समर्पित माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी से आज उनके पटना आवास पर आत्मीय मुलाकात की।