राजधानी पटना के गांधी घाट पर आज मंगलवार को एक बड़े हादसे में गंगा नदी में नहाने के दौरान पांच युवक गहरे पानी में डूब गए। डूबते हुए युवकों को बचाने की कोशिश में चंदन कुमार नाम के एक अन्य शख्स ने नदी में छलांग लगाई, लेकिन वह भी पानी की तेज बहाव की चपेट में आ गया। रेस्क्यू टीम ने अब तक तीन लोगों के शवों को नदी से बाहर निकाल लिया है और अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान चंदन कुमार, समर कुमार और अमित कुमार के रूप में हुई है। एक युवक जय कुमार और बाकी दो अब भी लापता हैं। उनके लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गंगा दशहरा पर गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाने के दौरान पांच युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे। इन डुबते युवकों को बचाने के लिए गंगा में उतरे चंदन कुमार भी नदी में समा गए। इस हादसे के बाद गांधी घाट पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सभी युवक गांधी घाट पर नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए चंदन कुमार नदी में उतरे। लेकिन वह भी तेज धारा में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद अब तक तीन लोगों के शव बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान चंदन कुमार, समर कुमार और अमित कुमार के रूप में हुई है। वहीं जय कुमार नाम का एक युवक अब भी लापता है। उसके अलावा बाकी दो युवकों को खोजने के लिए गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। राहत टीम नाव और गोताखोरों की मदद से नदी में तलाशी कर रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.।गांधी घाट पर मौजूद लोगों ने बताया कि नदी का बहाव काफी तेज था, लेकिन युवक नहाने के लिए गहरे पानी में चले गए। घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और गहरे पानी में नहीं जाने की अपील की है।