बेतिया के योगापट्टी थाना क्षेत्र में बीती देर रात लूट के एक आरोपी घर छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमले की खबर है। जानकारी के अनुसार आरोपी और उसके परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया जिससे 3 जवान बुरी तरह घायल हो गए। बताया गया कि एक लूट कांड के बाद पुलिस ने संदिग्ध आरोपी के घर छापा मारा। पुलिस उससे इस कांड के बारे में पूछताछ करना चाहती थी। परंतु उसके परिजनों ने पुलिस का विरोध करते हुए हमला बोल दिया। इस दौरान धक्का-मुक्की हुई और मारपीट की स्थिति बन गई। घटना में 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए जबकि 2 महिलाओं के भी चोटिल होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने इस सिलसिले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
बीती देर शाम ज्वेलर्स से हुई थी लूट
दरअसल बीते दिन की देर शाम करीब साढ़े 8 बजे योगापट्टी में फहतेपुर चौक के पास ज्वेलर्स शंभू सोनी से लूट हो गई थी। आरोप है कि वे दुकान बंद करके जा रहे थे, तभी ननकी कुमार आया और उनसे 50 हजार रुपये तथा करीब 1 लाख के गहने लूटकर फरार हो गया। ननकी कुमार फहतेपुर चौक का ही रहने वाला है। योगापट्टी थाने की पुलिस आरोपी ननकी कुमार के घर पूछताछ के लिए पहुंची थी। इसी दौरान ननकी कुमार के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया, और जमकर हंगामा होने लगा। पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई, जिसमें पुलिस के 3 जवान घायल हो गए। मालूम हो कि ननकी कुमार पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। इधर
घटना की सूचना पर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा, और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ननकी को गिरफ्तार कर लिया है और थाने में उससे पूछताछ की जा रही है।