भागलपुर में विक्रमशिला ब्रिज हादसे के बाद अब बिहार के एक और बड़े पुल के स्पैन में बड़ा गैप आने से हड़कंप मच गया है। खबर है कि बेतिया-गोपालगंज महासेतु में बड़ा गैप आ गया जिसके बाद डीएम ने पुल का दौरा कर परिचालन रोकने का आदेश दिया है। जानकारी के अनुसार बेतिया को गोपालगंज से जोड़ने वाले यादोपुर-मंगलपुर महासेतु के पिलर नंबर 5 के पास स्पैन में अचानक 7 से 9 इंच तक का दरार सामने आया है। जिला प्रशासन ने तुरंत एहतियात बरतते हुए बड़े और भारी वाहनों का परिचालन रोक दिया। आज शनिवार को डीएम पवन कुमार सिन्हा स्वयं महासेतु पहुंचे और मौके पर विस्तृत निरीक्षण किया।
डीएम ने किया निरीक्षण, दिये कई आदेश
डीएम ने बताया कि स्पैन में एक्सपेंशन हो रहा है, जिसे देखते हुए हैवी वाहनों को रोका गया है ताकि गैप और न बढ़े तथा मरम्मत कार्य आसानी से किया जा सके। मालूम हो कि गोपालगंज-बेतिया महासेतु का उद्घाटन हुए अभी 10 साल भी नहीं बीते हैं और अचानक महासेतु में दरार नजर आने लगा है। 550 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल में दरार की सूचना मिलते ही शनिवार को डीएम खुद पहुंचे और पुल का विस्तृत निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि पुल के स्पैन में गैप आ गया है। उन्होंने बताया कि पटना की NIT और IIT की टीम को रिपोर्ट भेज दी गई है। विशेषज्ञों की टीम जल्द ही मौके पर पहुंचकर पुल की सुरक्षा का आंकलन करेगी। उन्होंने कहा कि अगर गैप बढ़ता रहा तो पुल और कमजोर हो जाएगा और मरम्मत करना बेहद मुश्किल हो जाएगा।
सैंकड़ों गांवों के लिए लाइफलाइन है ब्रिज
साल 2015-16 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस महासेतु का उद्घाटन किया था। इस पुल से गोपालगंज और पश्चिम चंपारण के दियारा इलाकों में बड़ा फायदा पहुंचा और यह ब्रिज सैंकड़ों गांवों के लिए विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का मुख्य जरिया बन गया है। बता दें कि इसके पहले भागलपुर में विक्रमशिला सेतु का पिलर ढह गया था। 3-4 मई की देर रात ब्रिज का एक हिस्सा गिर गया था। इसके चलते वहां पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया था। अब गोपालगंज के इस महासेतु में दरार बढ़ने के बाद बिहार में बने और निर्माणाधीन पुलों की गुणवत्ता पर कई सवाल उठने लगे हैं।