नवादा : जिले के पकरीबरावां थाना पुलिस के सहयोग से क्षेत्र के कचना गांव में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान कचना गांव निवासी ब्रजेश कुमार, पिता श्री यादव के रूप में की गई है। गिरफ्तारी के बाद आर्थिक अपराध इकाई की टीम उसे अपने साथ पटना ले गई।
परीक्षा कदाचार मामले में हुई कार्रवाई
पकरीबरावां थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने बताया कि हाल ही में आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा में कदाचार को लेकर सोहसराय थाना कांड संख्या-106/26 दर्ज किया गया था। इस मामले में केंद्राधीक्षक द्वारा एक छात्रा सहित दो बायोमेट्रिक कर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
जांच में सामने आई संलिप्तता
मामले की जांच के दौरान ब्रजेश कुमार की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद आर्थिक अपराध इकाई पटना की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार किया। पुलिस उसे पूछताछ के लिए पटना ले गई है।
लगातार चल रही है जांच
बताया जा रहा है कि परीक्षा में गड़बड़ी एवं कदाचार को लेकर आर्थिक अपराध इकाई लगातार जांच कर रही है।
भईया जी की रिपोर्ट