-मृतिका के भाई ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप
नवादा : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पथरा इंग्लिश गांव में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता के फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, अमित कुमार की पत्नी निक्की कुमारी का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतका के भाई विकास राज, जो गोनी गांव के निवासी हैं, ने बताया कि उनकी बहन की शादी हिंदू रीति-रिवाज से बड़े धूमधाम से पथरा इंग्लिश गांव निवासी अमित कुमार से हुई थी। शादी को अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ था कि ससुराल पक्ष की ओर से चारपहिया वाहन की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि पति सहित परिवार के अन्य सदस्य उसे लगातार परेशान करते थे। परिजनों ने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
मृतिका के भाई ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव को फांसी के फंदे से लटका हत्या को आत्महत्या में बदलने का आरोप लगाया है।एफएसएल टीम ने की पड़ताल:-घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल की बारीकी से जांच की।
थानाध्यक्ष संजीत कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के भाई के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर मौत का प्रतीत होता है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल, किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। ऐसे मामलों में वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होती है, लेकिन दहेज जैसी कुप्रथा समाज के लिए गंभीर समस्या बनी हुई है। परिवारों को चाहिए कि आपसी समझ और संवेदनशीलता के साथ रिश्तों को मजबूत करें, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
भईया जी की रिपोर्ट