अरवल – सबका सम्मान, जीवन आसान के उद्देश्य के तहत 19 मई. 2026 को अरवल जिला के सभी पाँचों प्रखंडों में 13 स्थानों पर आयोजित सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं पूर्व से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा हेतु जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के विभागवार निष्पादन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में यह निर्देश दिया गया कि सहयोग शिविरों का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, अतः किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से समाज कल्याण विभाग, भवन निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, मत्स्य विभाग, पंचायती राज विभाग, गृह विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, शिक्षा विभाग, नगर आवास एवं विकास विभाग तथा आपदा प्रबंधन विभाग अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई। समीक्षा के क्रम में कई विभागों में लंबित मामलों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में निर्देशित किया गया कि सहयोग शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का पंजीकरण, सत्यापन एवं निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए तथा निष्पादित मामलों की अद्यतन प्रविष्टि नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए। साथ ही सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे पंचायत स्तर पर आयोजित सहयोग शिविरों की सतत मॉनिटरिंग करें एवं आमजनों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही किया जा रहा है।
अतः सभी संबंधित पदाधिकारी पूर्ण संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें ताकि आमजनों का विश्वास प्रशासन के प्रति और अधिक मजबूत हो सके। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि आगामी सहयोग शिविरों के सफल संचालन एवं प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन हेतु सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर पूर्व से आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करें। बैठक में उप विकास आयुक्त, अरवल शैलेश कुमार, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट