नवादा : जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और पुलिस पदाधिकारी पर जानलेवा हमला मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना में शामिल मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि ट्रैक्टर मालिक ने पुलिस दबिश के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।
जानकारी के अनुसार 13 मई 2026 की सुबह करीब पांच बजे नारदीगंज थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि मधुबन स्थित पंचाने नदी से कुछ ट्रैक्टरों द्वारा अवैध बालू खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर पथरा-केशौरिया इलाके में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान दो ट्रैक्टर अवैध बालू अनलोड कर मौके से भागने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस अवर निरीक्षक नरेन्द्र कुमार ने ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की।
आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने जान मारने की नीयत से उन पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पदाधिकारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार हेतु पटना रेफर कर दिया गया। इस मामले में नारदीगंज थाना कांड संख्या 158/26 दर्ज कर पुलिस ने पहले ही 28 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था। साथ ही 20 मोटरसाइकिल, दो स्कॉर्पियो और एक ट्रैक्टर जब्त किया गया था।
मुख्य अभियुक्त और ट्रैक्टर मालिक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी थी। इसी क्रम में SIT टीम ने तकनीकी अनुसंधान और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर मंगलवार को मैसकौर थाना क्षेत्र से मुख्य अभियुक्त अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। वहीं ट्रैक्टर मालिक पिंटु कुमार ने पुलिस दबाव और गिरफ्तारी के भय से न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मामले की आगे की जांच तेज कर दी है।
भईया जी की रिपोर्ट