नवादा : एमएलसी अशोक कुमार ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों से मुलाकात की। खासकर इमरजेंसी विभाग, ओपीडी, पैथोलॉजी विभाग, महिला वार्ड, प्रसूति वार्ड आदि का निरीक्षण करते हुए उन्होंने उपस्थित डीपीएम अमित कुमार को आवश्यक निर्देश दिया। वाह्य विभाग के वार्डो में एसी नहीं चलने की शिकायत पर उन्होंने तुरंत ठीक करवाने का निर्देश दिया और आनन फानन में टेक्नीशियन ने कुछ बंद पड़े एसी को तत्काल चालू किया।
पैथोलॉजी जांच घर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में 80 प्रकार के जांच की सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए नवादा में मात्र 30 तरह की जांच की जा रही है। इसके लिए उन्होंने विभागीय पहल की बात कही। आखिर में उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए आवश्यक सेवाएं जारी रखी जाय और किसी भी कमी की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी जाय।
भईया जी की रिपोर्ट