नवादा : डीआरडीए सभागार में जनभागीदारी अभियान “सबसे दूर–सबसे पहले” कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिला कल्याण पदाधिकारी श्री प्रकाश प्रिय रंजन द्वारा जानकारी दी गई कि जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आदिवासी समुदायों को सशक्त बनाने, जनजातीय विरासत को समृद्ध करने तथा जनजातीय अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 10 मई से 09 जून 2026 तक “जनजातीय गरिमा उत्सव 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 18 मई से 25 मई 2026 तक विशेष जनभागीदारी अभियान “सबसे दूर–सबसे पहले” संचालित किया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में बताया कि उक्त अभियान के चार प्रमुख स्तंभ जन भागीदारी, संतृप्तिकरण अभियान, क्षेत्र भ्रमण एवं जनसुनवाई हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में योजनाओं की संतृप्ति, जागरूकता, समस्याओं के त्वरित समाधान तथा सरकारी सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नवादा जिले में लगभग 350 परिवार संथाल, मुंडा, पातर, बिरहोर एवं खरवार जनजाति समुदाय से संबंधित हैं, जो जिले के दो प्रखंडों रजौली एवं कौआकोल के छह पंचायतों क्रमशः हरदिया, सवईयाटांड़, चितरकोली, महुडर, लालपुर तथा सेखोदेवरा में निवास करते हैं। इन्हीं पंचायतों के जनजातीय गांवों में 18 मई से 25 मई 2026 तक विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य जनजातीय परिवारों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करना है।
इस हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा माइक्रो प्लान तैयार कर विकास मित्रों सहित अन्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। माइक्रो प्लान के अनुसार छह पंचायतों के कुल 16 स्थानों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां अनुसूचित जनजाति परिवारों को राशन कार्ड, पेंशन, स्वास्थ्य जांच के अंतर्गत टीबी जांच एवं सिकल सेल एनीमिया की जांच, बैंकिंग आदि की सुविधा प्रदान की जाएगी।
इन्हीं शिविर केंद्रों पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएंगे तथा जनसुनवाई के माध्यम से शिकायतों एवं समस्याओं का निष्पादन भी किया जाएगा। साथ ही पदाधिकारी जनजातीय परिवारों की समस्याओं को समझने एवं उनकी आवश्यकताओं का आकलन करने हेतु गांवों एवं टोलों का भ्रमण भी करेंगे। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्रीमती नीलिमा साहू, सिविल सर्जन नवादा श्री विनोद कुमार चौधरी, स्थापना प्रभारी डॉ० राजकुमार सिंहा, प्रभारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अमरनाथ कुमार, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट