नवादा : जिले के सदर अस्पताल में हड्डी विभाग के ओपीडी को अनिश्चितकालीन के लिए बंद कर दिया गया है जिससे मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। यह समस्या आर्थोपेडिक चिकित्सकों के लंबे अवकाश पर चले जाने के कारण उत्पन्न हुई है जिससे हड्डी रोग के मरीज जनरल ओपीडी में इलाज कराने को विवश हैं। मिली जानकारी के अनुसार, सदर अस्पताल में आर्थोपेडिक विभाग में डॉ विवेक कुमार राय एवं डॉ संतोष कुमार गौरव पदस्थापित हैं। अक्सर दोनों डॉक्टरों की लापरवाही सामने आ रही थी।
सिविल सर्जन ने जब सख्ती बरती तब दोनों डॉक्टर आवेदन देकर लंबे अवकाश पर चले गए। दोनों डॉक्टरों के अवकाश पर जाने के बाद सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ एसडी अरैय्यर के द्वारा हड्डी विभाग के दरवाजे पर एक नोटिस चिपका दिया गया जिसमें साफ लिखा गया है कि हड्डी रोग विशेषज्ञों के लंबे अवकाश पर चले जाने के कारण हड्डी विभाग का ओपीडी अनिश्चितकालीन के लिए बंद रहेगा। इससे संबंधित मरीज जनरल ओपीडी में ही दिखाना सुनिश्चित करेंगे। यह नोटिश 11 मई 2026 को चिपकाया गया है। तब से हड्डी रोग से ग्रसित मरीज इलाज कराने के लिए सदर अस्पताल पहुंच रहे हैं, लेकिन आर्थोपेडिक के चिकित्सक नहीं रहने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है या फिर जनरल ओपीडी में दिखाने को मजबूर हैं।
बताते चलें कि सदर अस्पताल अपनी लचर व्यवस्था के कारण सुर्खियों में है। इसके पूर्व भी हड्डी विभाग में डॉक्टर नहीं रहने के कारण मरीजों द्वारा कई बार हो-हंगामा किया जा चुका है। कुछ दिन पहले इसी हड्डी विभाग में बाहरी व्यक्ति मरीजों का इलाज करते पाए गए थे। इस खबर को भी “भैया जी” ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। लेकिन लापरवाह डॉक्टर पर अस्पताल प्रशासन के द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से उनका मनोबल बढ़ता गया और अब ऑर्थाेपेडिक के दोनों डॉक्टर आवेदन देकर लंबे अवकाश पर चले गए हैं जिससे हड्डी विभाग को अनिश्चितकालीन के लिए बंद कर दिया गया है।
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉक्टर विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि सदर अस्पताल में आर्थोपेडिक के दो डॉक्टर पदस्थापित हैं। दोनों डॉक्टर आवेदन देकर लंबे अवकाश पर चले गए हैं जिससे कारण हड्डी विभाग को अनिश्चितकालीन के लिए बंद करना पड़ा है। जिले में आर्थोपेडिक के और कोई डॉक्टर नहीं है। फिलहाल हड्डी रोग से ग्रसित मरीजों को जनरल ओपीडी में इलाज हो रहा है। समस्या के समाधान के लिए विभाग को लिखा गया है।
भईया जी की रिपोर्ट