नवादा : जिले में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराध पर अंकुश लगाने को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए ठगी के धंधे में लिप्त दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से ठगी में प्रयुक्त दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन एवं एक पन्ने का डाटा जब्त किया है।
बगीचे में चल रहा था ठगी का ‘कॉल सेंटर
वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने बताया कि एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने थाना क्षेत्र के दरियापुर पुल के पश्चिम-उत्तर बगीचा में छापेमारी कर दोनों साइबर अपराधियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौर पंचायत के सवैया गांव निवासी रविन्द्र सिंह के पुत्र सुमन कुमार तथा महेश सिंह के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में की गई है।
कूरियर डिलीवरी और लोन दिलाने के नाम पर झांसा
पुलिसिया पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कुरियर सर्विस में डिलीवरी कराने तथा विभिन्न प्रकार के लोन दिलाने के नाम पर भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर ठगी करते थे।
डेटा और मोबाइल से खुलेगा राज
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. वहीं जब्त मोबाइल एवं डाटा के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है. छापेमारी दल में थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी, पप्पू कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
भईया जी की रिपोर्ट