नवादा : जिले में आयी काफी तेज रफ्तार आंधी व बारिश से व्यापक पैमाने पर नुकसान हुआ। सर्वाधिक क्षति रजौली अनुमंडल में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। रजौली और सिरदला प्रखंडों में आए इस तूफान से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, मकानों को नुकसान पहुंचा तो घंटों यातायात प्रभावित हुआ।
रजौली अनुमंडल मुख्यालय बाजार महादेव मोड़ के पास प्रकाश पंडित के मकान पर विशाल वृक्ष के गिरने से छत में दरार आ गयी जबकि कमरे के पंखे व टीवी क्षतिग्रस्त हो गया। तकरीबन तीन लाख रुपए मूल्य की क्षति का अनुमान है। सिरोडाबर पंचायत बौढ़ी कला गांव में प्रदीप यादव के करकट के घर पर पेड़ गिरने से व्यापक पैमाने पर नुकसान हुआ।
मोइनपुर गांव में घर पर पोल समेत स्ट्रीट लाइट के गिरने से घर क्षतिग्रस्त हुआ। रजौली-सिरदला पथ पर दुलरपुरा के पास विशाल वृक्ष के गिरने से यातायात घंटों प्रभावित हुआ। बाद में जेसीबी की मदद से पेड़ हटाये जाने के बाद यातायात बहाल हो सका। आंधी-बारिश व ओलावृष्टि से गर्मा मूंग व सब्जी फसलों के अलावा आम फ़सल को जबर्दस्त नुकसान पहुंचा है। नुकसान की खबरें लगातार प्राप्त हो रही है।
भईया जी की रिपोर्ट