नवादा : अवैध बालू खनन और परिवहन के दौरान ट्रैक्टर से एएसआइ को रौंदने के मामले में नारदीगंज थानाध्यक्ष आदित्य कुमार को निलंबित कर दिया गया है। अपर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार को थानाध्यक्ष का प्रभार सौंपा गया है। मिली जानकारी के अनुसार, मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव के निर्देश पर जिले के एसपी अभिनव धीमान ने कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान पुलिस मुख्यालय के आदेशों की अवहेलना की गयी थी।
मुख्यालय की ओर से स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी छापेमारी अभियान में पर्याप्त पुलिस बल और बॉडी प्रोटेक्टर के साथ ही टीम को भेजा जाये। लेकिन बिना पर्याप्त संसाधन और बल के छापेमारी करने के कारण यह हादसा हुआ। बताया जाता है कि पर्याप्त पुलिस बल नहीं रहने के कारण अपराधी पुलिस पर भारी पड़ जाते हैं, जिससे पुलिसकर्मियों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है। आदेशों के अनुपालन में लापरवाही को ही निलंबन का मुख्य कारण माना जा रहा है।
बताते चलें कि नारदीगंज स्थित पंचाने नदी से अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ छापेमारी के दौरान थाने में पदस्थापित एएसआइ नागेंद्र कुमार को अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने रौंद दिया था। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया था। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गये थे। पुलिस ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। फिलहाल, पटना के एक निजी क्लिनिक में उनका इलाज चल रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट