-पंचायत में नहीं पहुंचा आरोपी, भाई ने की गाली-गलौज, पीड़िता ने थाने में की शिकायत
नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में प्रेम-प्रसंग का मामला सुलझाने के लिए देवी मंडप के पास बुलाई गई पंचायत में मारपीट हो गई। प्रेमी पक्ष के लोगों की गाली-गलौज के बाद माहौल बिगड़ गया और पंचायत बेनतीजा रही। पीड़िता ने थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
आरोप है कि बहादुरपुर निवासी रामकृष्ण कुमार साव उर्फ टुनटुन साव के पुत्र आकाश दीप से उसका बीते पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। शादी की बात पर युवक ने परिजनों से छिपकर शादी का झांसा दिया और दिसंबर 2025 में उसे दिल्ली के करोल बाग ले गया। दोनों करीब दो माह तक दिल्ली में साथ रहे। बाद में युवक ने युवती को उसके परिजनों के पास भेज दिया।
युवती का आरोप है कि जब परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय की तो आकाश दीप ने होने वाले रिश्तेदारों को आपत्तिजनक फोटो भेजकर रिश्ता तुड़वा दिया। युवक अब तक तीन रिश्ते तुड़वा चुका है। इससे तंग आकर युवती अपनी मां के साथ युवक के घर गई। वहां युवक और उसकी मां ने युवती से मारपीट की। युवती ने डायल 112 को बुलाया। पुलिस टीम दोनों को थाने ले आई।
थाने में युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया। युवक और उसके पिता ने दो दिन में गांव में पंचायत कर मामला निपटाने का भरोसा दिया। इस पर युवती ने आवेदन वापस ले लिया। बाद में पंचायत में आरोपी आकाश दीप शामिल नहीं हुआ। बैठक में उसके पिता, छोटा भाई मोहित कुमार साव, चाचा समेत अन्य लोग मौजूद थे। बैठक के दौरान मोहित कुमार साव ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इससे पंचायत में कोई निर्णय नहीं हो सका।
पंचायत में पीड़िता और उसके परिजनों के अलावा ग्रामीण रोहित कुमार साव, पिंटू साव, गोपाल साव, हेमंत पाण्डेय, अनिल यादव, अर्जुन यादव, मुकेश कुमार, चंदन कुमार, सीपू पाण्डेय, मंटू पाण्डेय, अर्जुन चौधरी, चंद्रिका राम, रूपेश सिंह एवं बटन पांडेय समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे। मारपीट के बाद पीड़िता ने थाने में आवेदन देकर पूरी घटना से अवगत कराया। इस संबंध में थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि प्रेम-प्रसंग को लेकर दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनने के बाद पीड़िता का आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है।
भईया जी की रिपोर्ट