बिहार विधान परिषद की भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय निकाय प्राधिकार की एक सीट के उपचुनाव में महागठबंधन के उम्मीदवार सोनू कुमार राय ने जीत हासिल कर ली है। इस चुनाव में एनडीए की ओर से कन्हैया प्रसाद मैदान में थे। आज गुरुवार सुबह से शुरू हुई मतगणना के दौरान महागठबंधन और एनडीए प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। लेकिन आखिर में महागठबंधन के सोनू कुमार राय ने बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज कर ली। नतीजे की घोषणा होते ही महागठबंधन कार्यकर्ताओं का जोश हाई हो गया और सबने मिठाई बांट जमकर जश्न मनाया।
आज काउंटिंग स्थल के बाहर सुबह से ही दोनों ही गठबंधन के समर्थकों की भारी भीड़ जमा थी। जैसे ही नतीजा आया, महागठबंधन समर्थकों ने तेजस्वी जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिये। कार्यकर्ताओं ने इसे जनता की जीत बताया और कहा कि लोगों ने विकास और स्थानीय मुद्दों को देखते हुए महागठबंधन पर भरोसा जताया है। जीत के बाद सोनू कुमार राय ने जनता, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों का धन्यवाद किया और कहा कि वे सभी को साथ लेकर क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगे। मतगणना चुनाव पर्यवेक्षक और जिला निर्वाचन पदाधिकारी की देखरेख में संपन्न कराई हुई। सबसे पहले मतपेटियां खोली गईं और फिर मतपत्रों को अलग-अलग बंडलों में बांटने का काम शुरू हुआ। इस चुनाव में कुल 6 उम्मीदवार मैदान में थे।
जानकारी के अनुसार आरा-बक्सर एमएलसी उपचुनाव में सोनू राय को अपने एनडीए प्रतिद्वंद्वि से करीब 340 मत से जीत मिली है। मतगणना के दौरान शुरूआती समय से लगातार महागठबंन प्रत्याशी ने बढ़त बनाए रखी। लगातार पिछड़ते रहने के बाद एनडीए प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद मतगणना स्थल से निकल गए थे। इधर राजनीतिक गलियारों में एनडीए और जदयू कैंडिडेट की इस हार की काफी चर्चा हो रही है क्योंकि बिहार सीएम पद से नीतीश के हटने के बाद यह उनकी पार्टी और एनडीए के लिए पहला चुनाव था। इस चुनाव में कुल छह प्रत्याशी मैदान में थे लेकिन मुख्य मुकाबला महागठबंधन के सोनू राय और एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद के बीच माना जा रहा था। सीएम पद छोड़ने से एक दिन पहले खुद नीतीश कुमार ने अपने हाथों से कन्हैया प्रसाद को उम्मीदवार बनने का पत्र सौंपा था।